समृद्धि यात्रा को लेकर ठाकुरगंज में उत्साह, सीएम के आगमन पर बड़ी घोषणाओं की उम्मीद

SHARE:

ठाकुरगंज/कुलभूषण सिंह


मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के तहत ठाकुरगंज आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोग उम्मीद जता रहे हैं कि मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान ठाकुरगंज को विकास की कई नई सौगातें मिल सकती हैं।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय है। जिलाधिकारी विशाल राज लगातार तैयारियों पर नजर रखे हुए हैं और जिला प्रशासन की टीम पूरी मुस्तैदी के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटी है। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कार्यक्रम स्थल की तैयारियों तक सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री जब-जब ठाकुरगंज आए हैं, तब-तब उन्होंने यहां विकास की कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की है। पिछली बार प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने ठाकुरगंज में बाइपास निर्माण कार्य शुरू करने की हरी झंडी दी थी। इसके साथ ही महानंदा नदी पर पुल निर्माण के लिए भी स्वीकृति प्रदान की थी तथा कई अन्य विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए थे।

इसी कारण इस बार की समृद्धि यात्रा को लेकर भी लोगों में काफी उम्मीदें हैं। ठाकुरगंज के लोग मान रहे हैं कि मुख्यमंत्री का यह दौरा क्षेत्र के विकास के लिए एक और महत्वपूर्ण कदम साबित होगा और इस दौरान कुछ बड़ी घोषणाएं भी हो सकती हैं।

स्थानीय युवा डेनियल मुर्मू का कहना है कि मुख्यमंत्री हमेशा विकास की राजनीति करते हैं और उन्होंने ठाकुरगंज के लिए पहले भी कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। ऐसे में समृद्धि यात्रा के तहत उनका ठाकुरगंज आना क्षेत्र के लिए सौभाग्य की बात है और लोगों को उम्मीद है कि इस बार भी मुख्यमंत्री क्षेत्र के लिए कोई बड़ी घोषणा करेंगे।

वहीं युवा जदयू नेता प्रशांत पटेल का कहना है कि मुख्यमंत्री ने हमेशा ठाकुरगंज को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए बड़े कदम उठाए हैं और इस बार की यात्रा में भी ठाकुरगंज को नई योजनाओं की सौगात मिलने की उम्मीद है।

इधर ठाकुरगंज के विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री चुनाव प्रचार के दौरान भी ठाकुरगंज आए थे और अब उनकी जीत के बाद एक बार फिर मुख्यमंत्री का यहां आना पूरे क्षेत्र के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की यह यात्रा ठाकुरगंज के विकास की गाथा में एक और बड़ा कदम साबित होगी। विधायक दिनभर कार्यक्रम स्थल समेत विभिन्न स्थानों पर जाकर तैयारियों का जायजा लेते रहे।

बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के तहत ठाकुरगंज आ रहे है। इस दौरान उनके साथ उप मुख्यमंत्री सम्राट् चौधरी और उप मुख्यमंत्री विजय सिंहा भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान कई नई योजनाओं का शिलान्यास होगा और विकासरत योजनाओं की समीक्षा की जाएगी

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई