परिजनों में कोहराम
कटिहार /कटिहार -गेड़ाबाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग-81 पर मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। अनियंत्रित रफ्तार का कहर इस कदर बरपा कि एक खुशहाल परिवार की खुशियाँ मातम में बदल गईं।
घटना कोढ़ा थाना क्षेत्र के चरखी के समीप की है। जानकारी के अनुसार चंदवा सावित्री देवी (60) सुबह लगभग 11 बजे अपने परिवार के सदस्यों के साथ टोटो ई-रिक्शा पर सवार होकर कोढ़ा सरकारी अस्पताल जा रही थीं। जैसे ही उनका टोटो चरखी के पास पहुँचा।
विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप वैन ने टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि सावित्री देवी को गंभीर चोटें आईं और इस कारण उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टोटो पर सवार अन्य लोग भी इस हादसे में बाल-बाल बचे। जिन्हें मामूली चोटें आई हैं। हादसे को अंजाम देने के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से भागने में सफल रहा।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सड़क पर हुई इस दर्दनाक मौत को देखकर ग्रामीणों में प्रशासन और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ काफी आक्रोश देखा गया। सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुँची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया है।
कोढ़ा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात पिकअप वैन और उसके चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर फरार वाहन की पहचान करने में जुटी है।
घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों सहित भटवाड़ा पंचायत के उप मुखिया गोपाल कृष्ण झा ने बताया कि इस जगह सड़क घुमावदार होने के कारण लगभग 2 साल में आधा दर्जन लोगों की जान जा चुकी है । इस पर प्रशासन को ध्यान देना चाहिए।




























