भाजपा ने जनता के साथ किया खिलवाड़ :अख्तरुल ईमान
नितीश कुमार मानसिक रूप से कमजोर
संवाददाता/ किशनगंज
एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने और मुख्यमंत्री का पद छोड़ने पर टिप्पणी करते हुए भाजपा पर बिहार की जनता के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
श्री ईमान ने कहा कि भाजपा ने नीतीश कुमार के साथ ‘खेला’ नहीं किया, बल्कि बिहार की जनता के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को यह अंदाजा था कि वह अपने चेहरे पर बिहार की जनता को धोखा नहीं दे सकती।
ईमान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ‘मानसिक तौर पर सही नहीं’ बताया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार चुनाव से पहले भी मानसिक रूप से कमजोर थे और एक मुखौटे के तौर पर थे। उनके नाम पर वोट लिए गए, लेकिन सत्ता संभालने का प्रयास भाजपा कर रही थी।
उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार में सोचने-समझने की शक्ति खत्म हो गई है और उनका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर वह सही होते तो यह फैसला नहीं लेते। ईमान ने 13 करोड़ की जनता वाले बिहार जैसे राज्य को ऐसे व्यक्ति के हाथ में छोड़ देने को ‘बिहार की विडंबना’ करार दिया, जो अपना फैसला नहीं ले सकते।
अख्तरुल ईमान ने बिहार में अफसरशाही बढ़ने और लोकमत के चीरहरण का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि करोड़ों का भ्रष्टाचार करने वाले अफसरों पर कार्रवाई के नाम पर लीपापोती हो रही है। ईमान के अनुसार, यह सरकार दिवालिया हो गई है और रिश्वत के बुनियाद पर चल रही है।



























