मुजफ्फरपुर में युवक की पीट-पीटकर हत्या, गेहूं के खेत में मिला शव; इलाके में सनसनी, कारवाई में जुटी पुलिस

SHARE:


मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरौल नगर पंचायत के रैनी गांव में एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को गेहूं के खेत में फेंक दिया। गुरुवार को शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान रैनी गांव निवासी दशरथ राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह होली के दिन बुधवार शाम से ही लापता था। गुरुवार को ग्रामीणों ने खेत में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद सकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।


ग्रामीणों के अनुसार, मृतक के पैर काले कपड़े से बंधे हुए थे और उसकी पैंट भी नीचे खिसकी हुई थी। उसके शरीर पर कई जगह गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी बेरहमी से पिटाई कर हत्या की गई है।


घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने वैज्ञानिक तरीके से जांच करते हुए कई अहम नमूने जुटाए हैं। पुलिस ने मौके से हाथ में पहनने वाली बाली, रबर का फीता सहित अन्य सामान भी बरामद किया है। आशंका जताई जा रही है कि इन सामानों का इस्तेमाल वारदात के दौरान किया गया हो सकता है।


ग्रामीणों ने बताया कि दशरथ करीब डेढ़ महीने पहले पंजाब से अपने गांव लौटा था। बताया जाता है कि पंजाब में रहने के दौरान उसकी पत्नी अचानक गायब हो गई थी, जिसके बाद वह वापस गांव आ गया था। उसके दो भाई परिवार के साथ बाहर मजदूरी करते हैं, जबकि वह गांव में अकेला रहता था।


बताया जा रहा है कि होली की शाम वह अपने कुछ साथियों के साथ घर से निकला था। गांव की कुछ महिलाओं ने उसे पड़ोस के एक युवक के साथ जाते हुए देखा था। परिजनों ने पटीदारों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है।


ग्रामीणों के अनुसार, इस घटना में मृतक का एक दोस्त भी घायल हुआ है और वह कहीं छुपकर इलाज करवा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।


गौरतलब है कि मृतक दशरथ राम के चचेरे भाई की भी कुछ दिन पहले हत्या कर दी गई थी, जिससे गांव में पहले से ही तनाव का माहौल बना हुआ है।


एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि FSL की टीम के द्वारा साक्ष्य एकत्रित किया गया है।उन्होंने कहा कि परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!