टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) टेढ़ागाछ में गुरुवार को परिवार नियोजन एवं उससे जुड़े सामाजिक मुद्दों को लेकर एक दिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के वार्ड सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को परिवार नियोजन से संबंधित योजनाओं, जागरूकता और समाज में इसके महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी देना था, ताकि वे अपने-अपने वार्डों में लोगों को जागरूक कर सकें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सी–3 टीम के जिला समन्वयक तारिक अहमद तथा मास्टर ट्रेनर मुकुंद कुमार ने वार्ड सदस्यों को परिवार नियोजन के विभिन्न उपायों, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, जनसंख्या नियंत्रण तथा इससे जुड़े सामाजिक पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परिवार नियोजन केवल स्वास्थ्य से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि यह सामाजिक और आर्थिक विकास से भी सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है।
छोटे और खुशहाल परिवार से न केवल परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर होती है, बल्कि बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। प्रशिक्षकों ने वार्ड सदस्यों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करें तथा सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने यह भी बताया कि जागरूकता के माध्यम से ही समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से स्वास्थ्य योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकता है।
उन्होंने वार्ड सदस्यों से आग्रह किया कि वे स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर अपने क्षेत्र में लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करें।
इस अवसर पर बीएचएम अजय कुमार साह, बीसीएम वकील अहमद सहित स्वास्थ्य विभाग के कई कर्मी एवं वार्ड सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को परिवार नियोजन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं और उन्हें अपने क्षेत्र में जनजागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।


























