रणविजय/पौआखाली:
भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सुखानी थाना पुलिस को एक बार फिर सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सीमा पार कर भारत की ओर आ रहे एक युवक को भारी मात्रा में नेपाली शराब के साथ गिरफ्तार किया है. इस संबंध में थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी ने जानकारी दी है कि उन्हें सूचना मिली थी कि सीमा क्षेत्र से शराब की एक खेप तस्करी कर लाई जा रही है.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की और संदिग्ध अवस्था में आ रहे एक युवक को दबोच लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से 11 लीटर 600 मिली लीटर नेपाली विदेशी शराब जिसमें बीयर की बोतलें भी शामिल है बरामद की गई है.
वहीं शराब की तस्करी में संलिप्त सुखानी थाना क्षेत्र के सुखानी ग्राम निवासी तिलक सहनी (28) पिता- कमला सहनी को गिरफ्तार कर सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज करने के उपरांत मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार तस्कर नेपाली शराब को होली में खपाने की नियत से भारत ला रहा था. गौरतलब है कि सुखानी थाना क्षेत्र का एक हिस्सा नेपाल की सीमा से लगता है जिस कारण नेपाल से शराब की तस्करी कोई नई बात नही है, परंतु पुलिस की सक्रियता से यहां कई शराब तस्कर शराब के साथ दबोचे गए हैं.


























