रणविजय/किशनगंज
किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड के सीमावर्ती क्षेत्र कादोगांव बाजार में होलिका दहन का पर्व पारंपरिक हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के दर्जनों ग्रामीणों ने हिस्सा लिया, जिससे पूरा वातावरण उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया। कादोगांव बाजार में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में गंगा-जमुनी तहजीब की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली।

स्थानीय हिंदू-मुस्लिम युवाओं ने कंधे से कंधा मिलाकर होलिका दहन की रस्मों को पूरा किया। इस मौके पर एआईएमआईएम के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी गुलाम हसनैन के भाई गुलाम जिलानी विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने स्थानीय युवाओं के साथ मिलकर पर्व की खुशियाँ साझा कीं और समाज में शांति व एकजुटता का संदेश दिया।
वहीं पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। सुखानी थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी स्वयं पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहीं। शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस की टीम लगातार गश्त करती रही। थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों को शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर गौतम कुमार, परेश सिंह, सुरेश कुमार सिंह, दिलीप सिंह, अनूप कुमार, रोहित कुमार, धीरज सिंह, प्रदीप सिंह, पंकज कुमार आदि ग्रामीण शामिल रहें।

























