औद्योगिक रूप से आत्मनिर्भर बिहार हमारा लक्ष्य : डॉ दिलीप कुमार जायसवाल

SHARE:

गांधी मैदान में आयोजित डेस्टिनेशन बिहार एक्सपो 2026 के तीसरे दिन आधारभूत संरचना और औद्योगिक विकास पर केंद्रित व्यापक विचार-विमर्श हुआ। 26 फरवरी से 2 मार्च तक चल रहे इस आयोजन ने राज्य की औद्योगिक क्षमता और संभावनाओं को एक ही मंच पर प्रस्तुत करते हुए इसे अब तक की सबसे बड़ी उद्योग प्रदर्शनी के रूप में स्थापित किया है।


तीसरे दिन के कार्यक्रम का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।


अपने संबोधन में उद्योग मंत्री डॉ. जायसवाल ने कहा कि बिहार अब औद्योगिक प्रगति के नए चरण में प्रवेश कर चुका है और राज्य सरकार का संकल्प है कि बिहार को आत्मनिर्भर एवं समृद्ध औद्योगिक राज्य बनाया जाए। उन्होंने विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय लक्ष्य में बिहार की सक्रिय और प्रभावी भागीदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में बड़े उद्योगों के साथ-साथ लघु, कुटीर और सूक्ष्म उद्योगों को भी समान अवसर और प्रोत्साहन दिया जाएगा।


उन्होंने यह भी कहा कि स्थिर शासन, उद्योग-अनुकूल नीतियों और सुदृढ़ आधारभूत ढांचे के कारण निवेशकों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। सूचना प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे उभरते क्षेत्रों में भी बिहार तेज़ी से संभावनाओं का केंद्र बनता जा रहा है, जो राज्य को भविष्य की अर्थव्यवस्था में मजबूत स्थान दिलाएगा।


बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन एवं उद्योग विभाग, बिहार सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस एक्सपो का उद्देश्य बिहार को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेश मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाना है। यह मंच निवेशकों, उद्यमियों और नीति-निर्माताओं के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई