कटिहार जिले के फलका थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर-जिला स्मैक तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर दो शातिर तस्करों को रंगे हाथ दबोच लिया.
गिरफ्तार तस्करों में एक हाई-प्रोफाइल नाम सामने आया है, जो अररिया के पूर्व सांसद सह पूर्व कैबिनेट मंत्री रामजी दास ऋषि का पुत्र सुनील कुमार है. सुनील वर्तमान में फारबिसगंज के एक पंचायत में रोजगार सेवक के पद पर तैनात है. जबकि दूसरे युवक की पहचान खुशी लाल मंडल पूर्णिया के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 102.79 ग्राम स्मैक और बिना नंबर की महंगी स्पोर्ट्स बाइक बरामद की है।पुलिस के मुताबिक निसुंदरा पुल के समीप गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच के दौरान दोनों की गिरफ्तारी की गई है।पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है


























