किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय में बुधवार 17 जून 2026 को आयोजित प्रखंड सहयोग- सह-जन कल्याण शिविर में आम लोगों की समस्याओं एवं विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए। शिविर में कुल 91 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 82 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया। शिविर का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना था।
विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहकर लोगों की शिकायतों और मांगों को सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई करते नजर आए। शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, कृषि, बिजली, आवास, राशन कार्ड, पेंशन सहित अन्य विभागों से जुड़े मामलों पर आवेदन प्राप्त हुए।
प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि सरकार की मंशा के अनुरूप प्रशासन लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से आम नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उन्हें कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ता। उन्होंने बताया कि प्राप्त अधिकांश आवेदनों का त्वरित निष्पादन किया गया है तथा शेष आवेदनों पर भी निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत किए। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उपयोगी बताया। प्रशासन ने भी भविष्य में इसी प्रकार के शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।



























