धान व्यवसाई के घर पर डकैती मामले में गिरफ्तार 2 आरोपियों को पुलिस ने भेजा जेल

SHARE:

संदिग्ध दो युवकों से पुलिस कर रही है पूछताछ

किशनगंज /सागर चन्द्रा

शहर के पुराना खगड़ा देव बस्ती में धान व्यवसायी शंकर कुमार देव के घर डकैती मामले की जांच कर रही टाउन थाना पुलिस ने घटना में शामिल दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद ही हिरासत में लिये गये चार लोगों से लंबी पूछताछ के बाद पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि शेष दो लोगों से पूछताछ अब भी जारी है। मंगलवार को सदर अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद पुलिस ने टाउन थाना क्षेत्र के महीनगांव बांसबाड़ी निवासी समीरूद्दीन और उसके भाई निजामुद्दीन को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया और घटना में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश में जुट गई है।




पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द मामले का सफल उदभेदन कर घटना में शामिल सभी बदमाशों को जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया जाऐगा। बताते चलें कि गत रविवार की रात हथियारबंद बदमाशों ने व्यवसायी शंकर कुमार देव और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर पांच लाख रुपये सहित 10 लाख के जेवरात सहित लाइसेंसी बंदूक भी लूट लिया था। पीड़ित गृहस्वामी के द्वारा घटना की जानकारी दिये जाने के साथ ही एसडीपीओ अनवर जावेद अंसारी, टाउन थानाध्यक्ष अमर प्रसाद सिंह दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच मामले की जांच में जुट गये। वहीं एसपी इनामुल हक मैगनू ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन कर दिया। इस टीम में टाउन थानाध्यक्ष सहित जिले के जांबाज पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया। इसके कुछ ही देर बाद टीम के सदस्यों ने चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। इनमें से दो युवक के घटना में शामिल होने की पुष्टि होते ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।






सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!