न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

आतंकी संगठन से साठगांठ के आरोप में किशनगंज का युवक मुंबई में गिरफ्तार,ATS ने किया गिरफ्तार

ठाकुरगंज के भँकरद्वारी गांव का रहने वाला है 33 वर्षीय मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर, मोबाइल में मसूद अजहर के ऑडियो क्लिप मिलने का दावा

किशनगंज/अब्दुल करीम

भारत नेपाल सीमा से सटे किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड स्थित भँकर द्वारी गांव के रहने वाले 33 वर्षीय मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर को मुंबई एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (एटीएस) ने गिरफ्तार किया है। उस पर प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से कथित संबंध रखने का आरोप है। जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी के मोबाइल फोन से संगठन से जुड़ी सामग्री और संगठन के संस्थापक मसूद अजहर के ऑडियो क्लिप मिलने की बात सामने आई है। फिलहाल एटीएस उसके सोशल मीडिया अकाउंट और टेलीग्राम समूह से जुड़ी गतिविधियों की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक आरोपी पिछले करीब दस वर्षों से मुंबई में रह रहा था। वहां वह माहिम इलाके में परफ्यूम और इत्र बेचने के साथ रैपिडो बाइक टैक्सी चलाने का काम भी करता था। मुंबई एटीएस की कालाचौकी यूनिट मामले की जांच कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के कथित संपर्क किन लोगों से थे और सोशल मीडिया पर साझा की गई सामग्री का क्या उद्देश्य था।

गांव में रहती हैं मां और भाभी

बताया जा रहा है कि आरोपी के परिवार के सदस्य किशनगंज जिले के भँकर द्वारी गांव में रहते हैं। गांव में उसकी मां और भाभी रहती हैं, जबकि उसके पिता इलाज के सिलसिले में दिल्ली गए हुए हैं। परिवार में कुल छह भाई बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने हिफ्ज़-ए-कुरान की पढ़ाई भी की है।

परिजनों ने आरोपों को बताया गलत

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक आरोपी के परिजनों ने उसे साजिश के तहत फंसाए जाने की आशंका जताई है। उसके भाई शबीह अनवर ने दावा किया कि आरोपी मुंबई में अपना कारोबार करता था और इत्र बेचने का काम करता था। परिजनों ने उसके खिलाफ लगाए गए आरोपों पर सवाल उठाए हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

डिजिटल गतिविधियों की जांच

एटीएस आरोपी के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट और टेलीग्राम समूह से जुड़ी गतिविधियों की जांच कर रही है। एजेंसी यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी का किसी संदिग्ध नेटवर्क से संपर्क था या नहीं। मामले में जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।अनवर की गिरफ्तारी के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।

Share this news

Leave a Comment