किशनगंज पुलिस के सहयोग से की गई गिरफ्तारी/ किशनगंज
सागर चंद्रा/ किशनगंज
पूर्णिया के व्यापारी से 4,89,18,697 रुपये की धोखाधड़ी करने और रुपये मांगने पर हत्या करने की धमकी देने वाले किशनगंज के व्यवसायी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गुरुवार सुबह पूर्णिया पुलिस ने किशनगंज पुलिस के सहयोग से एन एच 27 किनारे स्थित हनुमान राइस व तेल मिल में छापेमारी कर आरोपी राहुल कुमार अग्रवाल पिता मनोज अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया।
टाउन थाने में आवश्यक पूछताछ के बाद पूर्णिया पुलिस उसे साथ लेकर रवाना हो गई। आरोपी को पूर्णिया न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस अग्रतर कार्रवाई में जुट गई है। दरअसल पूर्णिया गुलाबबाग निवासी व्यापारी शोभित कुमार अग्रवाल पिता संजीत कुमार अग्रवाल ने आरोपी राहुल अग्रवाल के साथ साथ पत्नी प्रिया अग्रवाल और चाचा संदीप अग्रवाल के विरुद्ध धोखाधड़ी एवं जालसाजी तथा अमानत में खयानत करने के आरोप में पूर्णिया सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी।
पीड़ित के लिखित शिकायत पर कांड संख्या 441/26 दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई थी। जांच में आरोपी राहुल को दोषी पाए जाने पर पूर्णिया पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
बताते चलें कि पीड़ित शोभित कुमार अग्रवाल के पिता संजीत कुमार अग्रवाल पूर्णिया गुलाबबाग में पान मसाला, रजनीगंधा एवं तुलसी जर्दा का डिस्ट्रीब्यूटर हैं। पिता के बीमार रहने के कारण शोभित उनके साथ व्यापार में हाथ बंटाता है। आरोपी राहुल अग्रवाल के साथ उसका कारोबारी रिश्ता रहा है। गत 8 जून 2026 को राहुल अग्रवाल उसकी पत्नी प्रिया अग्रवाल और उनके चाचा संदीप अग्रवाल गुलाब बाग स्थित शोभित के कार्यालय में आए और व्यवसाय के लिए पान मसाला, रजनीगंधा और तुलसी जर्दा खरीदने की बात की थी।
राहुल अग्रवाल और संदीप अग्रवाल का आर. एम. वेयर हाउस नामक किशनगंज में पार्टनरशिप फर्म है। इस व्यवसाय में राहुल अग्रवाल की पत्नी प्रिया अग्रवाल भी शामिल हैं। शोभित ने गत 9-10 जून को पान मसाला, रजनीगंधा और तुलसी जर्दा का सप्लाय राहुल को कर दिया। जिससे आर. एम. वेयर हाउस फर्म पर शोभित का 4,89,18,697 रुपये बकाया हो गया। कुछ दिनों बाद शोभित ने जब राहुल अग्रवाल, प्रिया अग्रवाल और संदीप अग्रवाल से बकाया रुपयों की मांग की तो वे टालमटोल करने लगे।
शोभित कई बार रुपयों की मांग करने किशनगंज भी आया। लेकिन हर बार उसे बहाने बनाकर लौटा दिया गया। घटना से परेशान शोभित ने जब आरोपियों पर रुपये वापस करने का दबाव बनाया तो राहुल ने उसे हत्या करने की धमकी दे डाली और रुपये वापस करने से साफ इंकार कर दिया। जिससे घबराकर शोभित पुलिस के समक्ष जा पहुंचा था।