दिघलबैंक /मुरलीधर झा
ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को विशेष अभियान-6 के तहत मंगुरा पंचायत स्थित अमृत सरोवर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान पंचायत के प्रतिनिधियों एवं मनरेगा कर्मियों ने भाग लिया।
अभियान के अंतर्गत अमृत सरोवर की साफ-सफाई, स्वैच्छिक श्रमदान, वृक्षारोपण, जल निकायों के संरक्षण एवं रखरखाव तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्रोतों को संरक्षित करना और स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना है।
इस अभियान के माध्यम से जल संरक्षण के महत्व और सार्वजनिक जल निकायों की साफ-सफाई बनाए रखने के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। अमृत सरोवरों का संरक्षण ग्रामीण पर्यावरण को बेहतर बनाने और भविष्य के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विशेष अभियान-6 के तहत जिले के सभी अमृत सरोवर स्थलों पर निर्धारित गतिविधियों के आयोजन का निर्देश दिया गया है। इसी क्रम में मंगुरा पंचायत में भी पंचायत प्रतिनिधियों एवं मनरेगा कर्मियों की सहभागिता से अभियान चलाया गया।
इस अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि मेराज रजा, पंचायत समिति प्रतिनिधि जागेश्वर गोस्वामी, पैक्स अध्यक्ष उमेश कुमार गणेश सहित मनरेगा विभाग के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।