किशनगंज/सागर चंद्रा
तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से एक बुजुर्ग व्यक्ति की दर्दनाक मौत मौके पर ही हो गई। घटना के वक्त बुजुर्ग रूईधासा से रेलवे लाइन पार कर बस स्टैंड जा रहा था। सुनने की क्षमता और नजर के कमजोर होने के कारण उन्हें पास आ रही मौत का अहसास तक नहीं हुआ। नतीजतन मालगाड़ी ने उन्हें बुरी तरह से रौंद दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लेकिन भीड़ शव का शिनाख्त करने में नाकाम रही।
मृतक के पास से बरामद कागजातों के आधार पर उनकी पहचान दिघलबैंक प्रखंड के पदमपुर थाना क्षेत्र के डांगी बस्ती वार्ड संख्या 3 निवासी 79 वर्षीय मोहम्मद कुसुमुद्दीन आलम के रूप में की गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
शव प्राप्त करने के लिए पहुंचे मृतक का पोता अताबुल हक ने बताया कि उनके दादाजी अक्सर काम के सिलसिले में किशनगंज आया जाया करते थे। बुधवार को वे दवाई लेने के लिए किशनगंज आए थे। लेकिन घर वापस लौटने के दौरान वे हादसे का शिकार हो गए।