नशे के कारोबार पर प्रहार, एक करोड़ रुपये के करीब स्मैक-हेरोइन जब्त; शराब, वाहन और आभूषण भी बरामद
किशनगंज:जिले में अपराध नियंत्रण, मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक और अवैध गतिविधियों के खिलाफ किशनगंज पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 12 से 18 अक्टूबर 2026 तक पुलिस ने विभिन्न मामलों में कुल 58 लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं, यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए वाहनों से 1 लाख 32 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अभियान के दौरान मादक पदार्थ, अवैध शराब, पशु तस्करी, गृहभेदन और मोटरसाइकिल चोरी सहित विभिन्न मामलों में कार्रवाई की गई।
स्मैक-हेरोइन समेत भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 515.11 ग्राम स्मैक/हेरोइन/ब्राउन शुगर बरामद की, जिसका अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य करीब एक करोड़ रुपये बताया गया है। इसके अलावा 22.04 ग्राम अफीम भी जब्त की गई। अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई में 111.325 लीटर विदेशी शराब और 60.5 लीटर देसी शराब बरामद हुई। साथ ही 500 लीटर जावा विनष्ट किया गया।
वाहन, उपकरण और कीमती आभूषण भी बरामद
पुलिस की कार्रवाई में 12 लीटर सोयाबीन तेल, 12 मोबाइल, 10 मवेशी, तीन ताले और तीन वजन मशीनें भी बरामद की गईं। इसके अतिरिक्त दो मोटरसाइकिल, दो टोटो, एक ट्रक, एक ट्रैक्टर, एक पिकअप, एक साइकिल, एक पचकस, एक टॉर्च और एक गैस सिलेंडर जब्त किया गया।
आभूषणों में सोने जैसी धातु की चार बाली, चार मड़िया, एक अंगूठी और एक टिकली बरामद हुई। वहीं, चांदी जैसे धातु के आठ पायल, पांच बिछिया, तीन लॉकेट, दो सिकड़ी, दो बिस्कुट, एक सिक्का, एक टिकली और एक ताबीज जब्त किया गया।
नेपाली मुद्रा और लॉटरी टिकट भी बरामद
अभियान के दौरान तीन बोरा अनाज, 440 पीस लॉटरी टिकट, 91,560 रुपये भारतीय मुद्रा और 50 हजार रुपये नेपाली मुद्रा भी बरामद की गई।
नशा मुक्त किशनगंज के लिए अभियान जारी रहेगा
किशनगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से नशे के अवैध कारोबार से संबंधित सूचना साझा करने की अपील की है। सूचना देने के लिए पुलिस के एनडीपीएस हेल्पलाइन नंबर 9031816150 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।