गाजे बाजे के साथ निकला विसर्जन जुलूस
माता दुर्गा के जयकारों से गुंजायमान हुआ नगर
फारबिसगंज /बिपुल विश्वास
विजयादशमी के अवसर पर बुधवार को फारबिसगंज में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा, भक्ति और भावुक माहौल के बीच किया गया. सुबह से ही विभिन्न पूजा पंडालों में मां भगवती की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की गई. इसके बाद महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार सिंदूर खेला की रस्म निभाई और नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी.

गाजे-बाजे, ढाक की थाप और मां के जयकारों के बीच निकली विसर्जन शोभायात्राओं में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी.शहर के हाई स्कूल रोड स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में सिंदूर खेला का विशेष आयोजन किया गया. इस दौरान सुहागिन महिलाओं ने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित कर उनके सुखी दांपत्य जीवन और अखंड सौभाग्य की कामना की. इसके बाद एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर पर्व की खुशियां साझा कीं.
मां को विभिन्न प्रकार की बंगाली मिठाइयों का भोग लगाया गया और आरती के बाद पारंपरिक विधि से सिंदूर खेला की रस्म पूरी की गई। रस्म के दौरान महिलाओं में उत्साह के साथ-साथ मां की विदाई का भावुक क्षण भी देखने को मिला. इस मौके पर विधायक मनोज विश्वास,मुख्य पार्षद वीणा देवी, उपमुख्य पार्षद नूतन भारती आदि मौजूद रहे।