सागर चंद्रा/ किशनगंज
महिला के पूर्व पति के द्वारा वर्तमान पति की बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। हालांकि घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने किसी तरह पीड़ित की जान बचाई और उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां इलाज के बाद पीड़ित मामले की शिकायत लेकर थाने पहुंच गया। लहरा वार्ड नंबर 14 निवासी पीड़ित अंजार आलम पिता अबुल कलाम के लिखित शिकायत पर टाउन थाने में केस दर्ज कर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार गत सोमवार को अंजार अपनी गर्भवती पत्नी महापारा खातून को अल्ट्रासाउंड कराने के लिए लाया था। पत्नी को जांच घर में रखकर वह अपनी साली को लाने सालकी गया था। वापसी के क्रम मे पिपला चौक के समीप पूर्व से घात लगाए बैठे लहरा चौक निवासी पत्नी का पूर्व पति कौसर आलम पिता सुलेमान ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी।
बीच-बचाव करने पहुंची सारी की भी पिटाई कर दी गई। पीड़ित का कहना है कि कौसर मेरी पत्नी का पूर्व पति है। पुरानी रंजिश के कारण उसने मेरी व मेरी साली का अपहरण कर हत्या करने की कोशिश की थी। बहरहाल केस दर्ज करने के बाद पुलिस मामले के सभी पहलुओं की बारिकी से जांच कर रही है।