न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

प्रशिक्षण के दौरान तीसरी मंजिल से गिरा गया का जवान, बक्सर में मौत; गांव में पसरा मातम

रिपोर्ट: मनोज कुमार

बिहार पुलिस में बीते डेढ़ माह से ट्रेनिंग ले रहे गया के जवान की बक्सर में हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि डुमरांव में ट्रेनिंग परिसर में स्थित आवास से जवान तीसरी मंजिल की छत से नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां रजनीश कुमार को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

जवान की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। घर में चीख-पुकार मची है। आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में पहुंचे हैं। पूरे गांव में मातम पसरा है। मृतक की पहचान वजीरगंज थाना क्षेत्र के कारीसोवा गांव निवासी रजनीश कुमार (24) के रूप में हुई है। वह मिथिलेश कुमार सिंह के पुत्र थे। रजनीश का डेढ़ माह पूर्व बिहार पुलिस में जवान के रूप में चयन हुआ था।

उनकी पोस्टिंग बेगूसराय जिले में हुई थी। पोस्टिंग के बाद उन्हें पुलिस प्रशिक्षण के लिए बक्सर के डुमरांव भेजा गया था। वहां वे प्रशिक्षण ले रहे थे। रविवार को भी रोज की तरह प्रशिक्षण चल रहा था। इसी दौरान दोपहर को वे अपने बैरक की छत पर थे। परिवार वालों का कहना है कि घटना से आधा घण्टे पहले वाट्सएप्प काल पर परिजनों से बात हुई थी। उसके बाद करीब दो बजे यह हादसा हो गया। बताया गया कि रजनीश तीसरी मंजिल की छत से अचानक नीचे गिर गए। ऊंचाई से गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोट लगी। प्रशिक्षण स्थल पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए बक्सर अस्पताल ले जाया गया।


अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच की। इसके बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। जवान की मौत की सूचना पुलिस और परिजनों को दी गई। खास बात यह कि मृतक के परिजनों को यह सूचना ट्रेनिंग सेंटर की ओर से सीधे तौर पर नहीं दी गई थी। घटना की सूचना रजनीश के कोच रहे मिंटू के फोन पर दी गई और मिंटू ने ही रजनीश के घर वालों को घटना की सूचना दी गई। मिंटू वजीरगंज में आर्मी भर्ती की कोचिंग चलाता है। मिंटू ने बताया कि घटना की सूचना हमें फोन पर दी गई। इस पर हम रजनीश के परिवार वालों के साथ डुमरांव गए। वहां देखा कि रजनीश मृत पड़ा है। बताया गया कि रजनीश छत से गिर गया जिसकी वजह से हादसा हुआ। इसके अलावा मौके पर ओर आब तक इस बाबत कुछ भी नहीं बताया गया है।


इधर खबर मिलते ही कारीसोवा गांव में मातम छा गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। रजनीश की मौत से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। ग्रामीणों के अनुसार, रजनीश काफी मिलनसार स्वभाव के थे। पुलिस की नौकरी मिलने के बाद परिवार और गांव के लोगों में खुशी थी। लेकिन नौकरी शुरू करने के कुछ ही समय बाद मौत की खबर ने सबको झकझोर दिया। रजनीश के पिता पान की दुकान चलाते हैं। बताया जाता है कि रजनीश गरीब परिवार से आता है।

हादसा या कुछ और? जांच में जुटी पुलिस


रजनीश की मौत को लेकर फिलहाल स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी। वह छत से कैसे गिरे, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और उस समय वहां क्या स्थिति थी, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। न ही इस मामले में मृतक परिजन ही कुछ बताने में फिलहाल सक्षम हैं। परिजनों और ग्रामीणों के बीच भी इसे लेकर कई सवाल हैं।


हालांकि डुमरांव पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मृतक के शव का अंतिम संस्कार किए जाने की तैयारी की जा रही है।

Share this news

Leave a Comment