मनिहारी /कटिहार -बाढ़ की विकट स्थिति के बीच रविवार को कटिहार जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने मनिहारी प्रखंड के दिलारपुर और धुरियाही सहित बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लिया। डीएम के प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचने से बाढ़ की मार झेल रहे लोगों के बीच प्रशासनिक मदद की उम्मीद जगी है।बाढ़ के पानी से जनजीवन प्रभावित है।
कई परिवारों के सामने भोजन, बिजली और अन्य जरूरी सुविधाओं का संकट बना हुआ है। ग्रामीणों की नजर अब प्रशासन की राहत व्यवस्था पर टिकी है। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही सामुदायिक किचन शुरू कर भोजन, राहत सामग्री और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में जल्द से जल्द सामुदायिक किचन और राहत शिविर शुरू किए जाएंगे।
जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य कैंप भी लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की आवश्यकताओं का आकलन कर भोजन, स्वास्थ्य, बिजली समेत जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर सहायता उपलब्ध कराई जाए।
डीएम के दौरे के दौरान डीडीसी नेहा कुमारी, अपर समाहर्ता बिनोद कुमार, एडीएम आपदा फिरोज अख्तर,मनिहारी अनुमंडल पदाधिकारी त्रिलोकी नाथ सिंह, सिविल सर्जन डॉ. जीतेन्द्रनाथ सिंह, एसडीएम त्रिलोकी नाथ,अंचल अधिकारी चंदन कुमार , स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी समेत बिजली विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति और लोगों की समस्याओं की जानकारी ली।
बाढ़ के बीच डीएम के दौरे से लोगों में यह भरोसा बढ़ा है कि प्रशासन उनकी परेशानी को गंभीरता से लेते हुए जल्द राहत पहुंचाने की दिशा में ठोस कदम उठाएगा। अब बाढ़ पीड़ितों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन का आश्वासन कब जमीन पर राहत के रूप में दिखाई देता है।इस बीच सीओ से मिली जानकारी के अनुसार मे पांच जगहों पर सामुदायिक कीचन सोमवार से आरंभ की जा रही है।