एसपी ने अधिकारियों को दिए निर्देश, आमजन को त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराने पर जोर
कटिहार- नगर थाना क्षेत्र में पुलिसिंग व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में डीएस कॉलेज ओपी का उद्घाटन किया गया। पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने विधिवत रूप से ओपी का उद्घाटन किया। ओपी की स्थापना से आसपास के क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आम लोगों को त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।
एसपी ने बताया कि डीएस कॉलेज ओपी की स्थापना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना है। इसके साथ ही अपराध की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण,सूचना मिलने पर त्वरित पुलिस कार्रवाई तथा आम जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है। नए ओपी के कार्यरत होने से लोगों को पुलिस से संबंधित मामलों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
उद्घाटन के अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का वातावरण बनाए रखने के साथ अपराध की रोकथाम के लिए सक्रियता से काम करने को कहा। एसपी ने आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास का माहौल मजबूत होना जरूरी है। इसके लिए पुलिस पदाधिकारी संवेदनशीलता के साथ लोगों की समस्याएं सुनें और नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करें।
डीएस कॉलेज ओपी के शुरू होने से क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी और निगरानी व्यवस्था और प्रभावी होने की उम्मीद है। मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विशाल आनंद,नगर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सिंह, ओपी प्रभारी आर्यन कुमार, विद्यार्थी परिषद के प्रान्त सह मंत्री विनय सिंह, विभाग संजोयक विक्रांत सिंह, कॉलेज के प्राचार्य, ए ए ओंकार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।