धर्म, संस्कार और नवाचार का संगम: दक्षिण मुंबई में उत्साहपूर्वक मनाया गया किशोर दिवस

SHARE:

मुंबई: अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के तत्वावधान में तेरापंथ युवक परिषद, दक्षिण मुंबई के निर्देशन और तेरापंथ किशोर मंडल, दक्षिण मुंबई के संयोजन में महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल में रविवार को किशोर दिवस उत्साह, उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किशोरों की सहभागिता रही। पूरे आयोजन में धर्म, संस्कार, नेतृत्व और संगठन भावना का अनूठा संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम आचार्य श्री महाश्रमण जी की सुशिष्याएँ शासन श्री साध्वी कंचनप्रभाजी एवं शासन श्री साध्वी मंजुरेखाजी सहित ठाणा-5 के सान्निध्य में आयोजित हुआ। साध्वीवृंद ने किशोरों को संस्कारयुक्त जीवन, अनुशासन और संगठन से जुड़े रहने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम की शुरुआत ‘भिक्षु दर्शन’ नाट्य प्रस्तुति से हुई, जिसमें आचार्य भिक्षु के जीवन-दर्शन और सिद्धांतों का प्रभावशाली मंचन किया गया। इसके बाद आयोजित ‘क्विज एयर’ प्रतियोगिता में किशोरों के साथ श्रावक-श्राविकाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तरी ने सभी को धर्म और संस्कृति से जुड़ी नई जानकारियों से रूबरू कराया।

K2K कनेक्ट अभियान के तहत किशोर मंडल के पदाधिकारियों और सदस्यों ने घर-घर जाकर किशोरों से संपर्क किया तथा उन्हें संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। वहीं, किशोर रीयूनियन में मंडल के पूर्व सह-संयोजकों एवं सह-समन्वयकों का सम्मान कर उनके योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जैन संस्कार विधि से जून और जुलाई माह में जन्मे किशोरों एवं तेयुप सदस्यों का सामूहिक जन्मोत्सव भी मनाया गया। इनोविजन एक्सपो और किशोर फिएस्टा स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे, जहां किशोरों ने अपने नवाचार, रचनात्मक कार्यों और स्टार्टअप आइडियाज का प्रदर्शन किया।

आयोजन का समापन सामूहिक सामायिक के साथ हुआ, जिसमें सभी किशोरों ने आत्मचिंतन और साधना के माध्यम से आध्यात्मिक चेतना का परिचय दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में आचार्य महाप्रज्ञ विद्यानिधि फाउंडेशन, श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, तेरापंथ युवक परिषद, तेरापंथ महिला मंडल एवं अणुव्रत समिति, दक्षिण मुंबई का उल्लेखनीय सहयोग रहा। अंत में सभी किशोरों ने धर्म, संस्कार, अनुशासन और नेतृत्व के मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!