आजमनगर /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के मलिकपुर पंचायत के श्रीकोल गांव के पोखर में एक विकलांग बच्चे की डूब कर मौत हो जाने का मामला प्रकाश में आया है। जानकारी के अनुसार विकलांग बच्चा मिंजार आलम (16) पिता मोहम्मद नूरुल गांव में ही किसी अन्य व्यक्ति के घर जा रहा था। इस दौरान एक पैर से विकलांग होने के कारण सड़क किनारे स्थित पोखर में लड़खड़ाकर गिर गया।
गांव का कोई आदमी वहां मौजूद नहीं रहने से उस बच्चे को बचाया नहीं जा सका । गांव के मोहम्मद महबूब आलम ने बताया कि गांव के निकट पोखर में लबालब पानी रहने से उक्त विकलांग बच्चे की डूब कर मौत हुई है। बताया जाता है कि विकलांग बालक मां बाप का काफी प्यारा दुलारा बच्चा था। बच्चे की मौत के बाद गांव में कोहराम मच गया।
बच्चे की मौत की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली माता-पिता दोनों बेसुध होकर आंगन में गिर पड़े। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो रहा था। परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम कराए जाने से इनकार कर दिए जाने की वजह से उक्त गरीब परिवार को सरकारी स्तर पर मिलने वाली सहायता राशि नहीं मिल पाएगी। अंचल अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद ही प्रावधान के अनुरूप सरकारी सहायता उपलब्ध हो पाएगी।

























