मनिहारी /कटिहार – मनिहारी विधायक मनोहर प्रसाद सिंह ने अमदाबाद प्रखंड के मायामारी गांव में महानंदा नदी से हो रहे तेज कटाव को लेकर जल संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र भेजकर कटाव निरोधी कार्य युद्धस्तर पर पूरा कराने की मांग की है। विधायक ने पत्र में कहा है कि उन्होंने वर्ष 2025 में भी इस संबंध में विभाग को अवगत कराया था तथा कटाव रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया था।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान मयामारी कटाव स्थल का निरीक्षण करने पर पाया कि विभाग द्वारा बांस के माध्यम से कटाव रोकने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कटाव का दायरा लगातार बढ़ रहा है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि कटाव का विस्तार पश्चिम बंगाल सीमा से गोविंदपुर घाट तक करीब दो किलोमीटर तक फैल सकता है।
पूर्व सरपंच रूहुल के घर के सामने कटाव की स्थिति सबसे अधिक गंभीर बताई गई है। कई बागान और पेड़ नदी में समा चुके हैं तथा करीब 500 परिवारों पर विस्थापन का खतरा मंडरा रहा है। विधायक ने यह भी कहा कि यदि पश्चिम बंगाल क्षेत्र में भी प्रभावी बचाव कार्य नहीं हुआ तो बिहार में कराए जा रहे कटाव निरोधी कार्य का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाएगा।
उन्होंने बिहार और पश्चिम बंगाल सरकार के समन्वय से शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई करने तथा प्रभावित क्षेत्र में कटाव निरोधी कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने का अनुरोध किया है।

























