धान में कल्ले बढ़ाने के लिए देशी व वैज्ञानिक तकनीक अपनाएं किसान – जिला कृषि पदाधिकारी

SHARE:

कटिहार- जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने किसानों से धान की फसल में अधिक कल्ले टिलर्स प्राप्त करने के लिए देशी आईटीके एवं वैज्ञानिक विधियों को अपनाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि धान की रोपाई के 15 से 45 दिन की अवधि कल्ले बनने की सबसे महत्वपूर्ण अवस्था होती है। इस दौरान उचित पोषण, संतुलित जल प्रबंधन तथा जैविक घोलों के प्रयोग से कल्लों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है।

उन्होंने बताया कि जीवामृत का दो बार छिड़काव, पहली बार रोपाई के 20–25 दिन बाद तथा दूसरी बार 35–40 दिन बाद करने से जड़ों का बेहतर विकास होता है, लाभकारी सूक्ष्मजीवों की संख्या बढ़ती है और नए कल्ले अधिक निकलते हैं। इसके अलावा गौमूत्र आधारित वृद्धि घोल तथा खट्टी छाछ के घोल का छिड़काव भी पौधों की बढ़वार एवं कल्ले बनने में सहायक होता है।

जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि रोपाई के 15–20 दिन बाद प्रति एकड़ 40–50 किलोग्राम नीम खली तथा 50–60 किलोग्राम लकड़ी की राख का प्रयोग करने से नाइट्रोजन एवं पोटाश की उपलब्धता बढ़ती है, जड़ों का विकास बेहतर होता है तथा कीटों का प्रकोप भी कम होता है। उन्होंने जल प्रबंधन को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि खेत में हमेशा अधिक पानी भरकर नहीं रखना चाहिए। केवल 2–3 सेंटीमीटर पानी बनाए रखें तथा बीच-बीच में 2–3 दिनों तक खेत को हल्का सूखने दें।

इस विधि से जड़ों को पर्याप्त ऑक्सीजन मिलती है, नए कल्ले तेजी से निकलते हैं और उर्वरकों का बेहतर उपयोग होता है। उन्होंने किसानों को रोपाई के 20–25 दिन बाद कोनो वीडर से निराई-गुड़ाई करने तथा आवश्यकता होने पर 35 दिन बाद पुनः इसका प्रयोग करने की सलाह दी। साथ ही एजोस्पिरिलम एवं पीएसबी जैसे जैव उर्वरकों के उपयोग से नाइट्रोजन स्थिरीकरण, फॉस्फोरस की उपलब्धता तथा जड़ों के विकास में लाभ मिलने की बात कही। जिला कृषि पदाधिकारी ने किसानों से रोपाई के 20–40 दिन की अवस्था पर विशेष ध्यान देने, खेत में अधिक पानी नहीं भरने, जीवामृत, गौमूत्र, नीम खली एवं राख का संतुलित उपयोग करने, समय पर निराई-गुड़ाई करने तथा 18–22 दिन की स्वस्थ पौध का रोपण करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इन देशी एवं वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर किसान धान में कल्लों की संख्या बढ़ाने के साथ पौधों को मजबूत बना सकते हैं और उपज में उल्लेखनीय वृद्धि प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!