कटिहार – नगर निगम कर्मियों की राज्यव्यापी हड़ताल के बीच कटिहार नगर निगम की महापौर उषा देवी अग्रवाल ने शहरवासियों और निगम कर्मियों के नाम अलग-अलग सार्वजनिक अपील जारी की है। उन्होंने हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सेवाओं में उत्पन्न व्यवधान पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी से संयम, सहयोग और जिम्मेदारी निभाने की अपील की है।
महापौर ने शहरवासियों से कहा कि वर्तमान परिस्थिति में शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से सड़कों और नालियों में कचरा नहीं फेंकने, गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, अपने घर, दुकान और प्रतिष्ठान के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा नालियों में पॉलीथिन या कचरा नहीं डालने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन आवश्यक एवं आपातकालीन सेवाओं को जारी रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने में जुटा है और नागरिकों का सहयोग इस कठिन समय में सबसे बड़ी ताकत साबित होगा। वहीं नगर निगम कर्मियों के नाम जारी संदेश में महापौर ने कर्मचारियों की मेहनत और शहर को स्वच्छ रखने में उनके योगदान की सराहना की।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों और भावनाओं के प्रति वे पूरी तरह संवेदनशील हैं तथा उनके मुद्दों को राज्य सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।महापौर ने कर्मचारियों से लोकतांत्रिक तरीके से शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से आंदोलन जारी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि हड़ताल के दौरान बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सेवाएं बाधित नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने विश्वास जताया कि संवाद, सहयोग और सकारात्मक पहल के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकलेगा। महापौर उषा देवी अग्रवाल ने अंत में कहा कि शहरहित सर्वोपरि है और नागरिकों व नगर निगम परिवार के संयुक्त सहयोग से कटिहार को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाए रखा जा सकता है।

























