संवाददाता/किशनगंज
शनिवार को शहर के सम्राट अशोक भवन, खगड़ा में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर नगर परिषद के द्वारा जनप्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान, नगर परिषद उपाध्यक्ष निखत प्रवीण ने किया।
प्रशिक्षण में नगर परिषद क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को नए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 के तहत कचरा प्रबंधन, स्रोत पर कचरे के पृथक्करण, स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना तथा जनप्रतिनिधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक करना रहा नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान ने बताया कि नए नियमों के तहत गीला, सूखा, सैनिटरी और विशेष श्रेणी के कचरे का अलग-अलग संग्रह एवं निस्तारण अनिवार्य है।
इससे स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान डॉ पीके झा ठोस तरल अपशिष्ट विशेषज्ञ भारत सरकार के प्रतिनिधि ने मौजूद सभी लोगों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 की जानकारी दी। जबकि कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने आम लोगों से नियमों का पालन करने में सहयोग करने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता पदाधिकारी स्वरूपम राज, वार्ड पार्षद कलीम उद्दीन, जमशेद आलम, पार्षद प्रतिनिधि सफी आलम, अनिल सिंह सहित अन्य कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

























