मनिहारी – पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने देर शाम मनिहारी थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, बंदीगृह, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, चहारदीवारी, सीसीटीवी कैमरों, सिरिस्ता तथा लंबित कांडों की समीक्षा की। एसपी ने बताया कि थाना स्तर पर लंबित 75 मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा से नशा एवं शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी ली और अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया। वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिनोद कुमार से अनुमंडल क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति तथा अपराध की प्रकृति की जानकारी प्राप्त की। श्रावण माह में मनिहारी गंगाघाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम कांवर यात्रा को लेकर एसपी ने घाट का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने बताया कि भीड़ नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारियों के नेतृत्व में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। प्रमुख स्थानों पर ड्रॉप गेट लगाए जाएंगे तथा स्नान घाटों पर 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों और कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान थाना के सभी पुलिस अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे ।


























