कटिहार–युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार की ओर से माई भारत की ओर से पीएम श्री +2 गांधी उच्च विद्यालय में “नशा मुक्त युवा विकसित भारत” अभियान के तहत नशा मुक्ति पर जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया।
आयोजन के दौरान युवाओं का जोश, रचनात्मकता एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से देख रही थी। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व उपमुख्यमंत्री सह विधायक तारकिशोर प्रसाद, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी रीना गुप्ता सहित अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्वलित कर किया।इस अवसर पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी बृज मोहन यादव, पीएम श्री +2 गांधी उच्च विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित कई अन्य गणमान्य अतिथि, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता अभियान के तहत संचालित आठ विधाओं में आयोजित किया गया।प्रतिभागियों ने चित्रकला, भाषण, निबंध,कविता, पोस्टर निर्माण सहित विभिन्न रचनात्मक माध्यमों के प्रदर्शन से नशा मुक्ति का प्रभावी संदेश दिया। निर्णायक मंडल द्वारा चयनित विजेता प्रतिभागियों को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में कटिहार जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
वहीं राज्य स्तर पर सफल होने पर राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेकर बिहार का प्रतिनिधित्व कर पायेंगे। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा। अपने संबोधन में तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि देश का युवा राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि नशा का सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य,परिवार की खुशहाली तथा समाज की शांति और प्रगति के लिए गंभीर चुनौती है। यदि युवा नशे से दूर रहकर सकारात्मक सोच,अनुशासन एवं सेवा भाव के साथ आगे बढ़ें, तो विकसित भारत के संकल्प को शीघ्र साकार किया जा सकता है। उन्होंने सभी युवाओं से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। जिला युवा अधिकारी नीरज कुमार झा ने कहा कि “नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।
माई भारत का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा में सहभागी बनाना है। यदि प्रत्येक युवा स्वयं नशे से दूर रहने का संकल्प लेकर अपने परिवार एवं समाज को भी इसके प्रति जागरूक करे तो ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान एक जन-आंदोलन का रूप ले सकता है।आयोजन में स्वयंसेवकों, विद्यालय प्रशासन एवं शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता में युवाओं की उल्लेखनीय सहभागिता ने यह सिद्ध किया कि कटिहार का युवा वर्ग नशा मुक्त समाज एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहा है।


























