विजेताओं को मिले ट्रॉफी और मेडल
कटिहार – पूर्णिया विश्वविद्यालय के तत्वावधान में डीएस कॉलेज की ओर से आयोजित तीन दिवसीय अंतर महाविद्यालय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण वातावरण में भव्य समापन हो गया। इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि पूर्व उप मुख्यमंत्री सह कटिहार सदर के विधायक तारकिशोर प्रसाद ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन,आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। इस दौरान विधायक ने महाविद्यालय परिसर की बुनियादी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाते हुए कहा की डीएस कॉलेज परिसर में छात्रावास,पुलिस चौकी एवं सड़क निर्माण का कार्य अगले महीने से प्रारंभ कराया जाएगा।
शिक्षण परिसर को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ दर्शन साह महाविद्यालय की बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो.प्रशांत कुमार ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की और विजेताओं को बधाई देते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
समारोह की शुरुआत में डॉ. शीला कुमारी ने अपने मधुर स्वागत गीत से आगत अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद डॉ. नारायण झा ने महाविद्यालय की विभिन्न समस्याओं को मुख्य अतिथि के समक्ष रखते हुए उनके शीघ्र समाधान का आग्रह किया। उन्होंने खेल प्रतियोगिताओं की उपयोगिता और भविष्य में खेलों की व्यापक संभावनाओं पर भी अपने विचार रखे। तीन दिनों तक चली प्रतियोगिता में मेजबान डी.एस. कॉलेज के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला।
समारोह के दौरान प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विभिन्न महाविद्यालयों के खेल प्रभारियों एवं शिक्षकों को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की सफलता में महाविद्यालय के अर्थपाल डॉ. संजीत कुमार गुप्ता,प्राध्यापक डॉ. पूजा अग्रवाल,डॉ. नंद किशोर साह,डॉ.आशीष कुमार तथा श्री हर्षवर्धन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह का सफल संचालन और अंत में धन्यवाद ज्ञापन क्रीड़ा प्रभारी डॉ. स्वामीनन्दन द्वारा किया गया। प्रतियोगिता के इस शानदार आयोजन के लिए खिलाड़ियों, शिक्षकों एवं उपस्थित दर्शकों ने पूरी आयोजन समिति की मुक्तकंठ से सराहना की।


























