महाकाल मंदिर में वार्षिकोत्सव का हुआ आयोजन,काशी से आए आचार्यों ने विधि-विधान से कराई महाकाल बाबा की पूजा

SHARE:

संवाददाता/किशनगंज

शहर के रुईधासा में स्थित महाकाल मंदिर मे आयोजित दो दिवसीय महाकाल महोत्सव के दूसरे दिन गुरुवार को हवन,पूजन आदि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।दो दिवसीय महाकाल महोत्सव 29 जुलाई को शुरू हुआ था। मंदिर के पुजारी बाबा साकेत व बनारस से आए मंहत आचार्य कृष्णकांत त्रिपाठी व आचार्य बृजपाल त्रिपाठी के सान्निध्य में पूरे विधि-विधान व वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच महाकाल बाबा की पूजा-अर्चना की गई।

महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई। मंदिर के पुरोहित साकेत बाबा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ महाकाल महोत्सव मनाया जा रहा है।इस महोत्सव को लेकर भक्ताें का उत्साह चरम पर था। महोत्सव को लेकर पूरे मंदिर परिसर सहित महाकाल बाबा की प्रतिमा को भी आकर्षक फूल मालाओं से सजाया गया था। जो लोगों के आकर्षण का केन्द्र रहा।

बताते चलें कि इससे पहले बुधवार की देर शाम कलश विसर्जन को लेकर महाकाल मंदिर के पुरोहित साकेत बाबा के सान्धिय में गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई थी। वार्ड का भ्रमण कर शोभायात्रा प्रेमपुल स्थित नदी के पास पहुंची। जहां नदी में कलश का विसर्जन किया गया। फिर नये कलश में जलभर कर शोभायात्रा मंदिर पहुंची और बाबा के महोत्सव का शुभारंभ किया गया था।

महाकाल महोत्सव को लेकर बिहार, बंगाल, नेपाल सहित दूर-दराज क्षेेत्रों से भी पूजा-अर्चना के लिए भक्ताें का आगमन हुआ था। बताते चलें कि इस दो दिवसीय महाकाल महोत्सव के दौरान महाकाल बाबा की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। जहां भक्तों की हर मुरादें पूरी होती है।पूजा अर्चना के उपरांत खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया जिसे हजारों लोगों ने ग्रहण किया ।


कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के राजेश दुबे, धर्मेंद्र सिंह,शंकर केशरी, दिया चारूस्त, सत्यम चारूस्त, मीरा सिन्हा, रोहित झा आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!