कुलभूषण सिंह/ठाकुरगंज
ठाकुरगंज नगर पंचायत कार्यालय में सोमवार से नए राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन पत्र (फॉर्म) जमा करने की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई। पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोग आवश्यक दस्तावेजों के साथ नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और नए राशन कार्ड के लिए आवेदन जमा किया।
नगर पंचायत कार्यालय में आवेदन प्राप्त करने और अभिलेखों की जांच का कार्य कार्यालय कर्मी कृष्णा पासवान एवं संजय पंडित की देखरेख में किया जा रहा है। दोनों कर्मी आवेदकों को आवश्यक जानकारी देने के साथ-साथ आवेदन प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संचालित कर रहे हैं, जिससे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
नया राशन कार्ड बनवाने के इच्छुक नागरिक सुबह से ही नगर पंचायत कार्यालय पहुंचने लगे। आवेदन जमा करने के दौरान कार्यालय परिसर में लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। कर्मियों ने बताया कि आवेदन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार स्वीकार किए जा रहे हैं तथा सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद संबंधित विभाग को अग्रसारित किए जाएंगे।
नगर पंचायत प्रशासन ने नए राशन कार्ड के इच्छुक पात्र लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित दस्तावेजों के साथ कार्यालय पहुंचकर समय पर आवेदन जमा करें, ताकि उनकी पात्रता के अनुसार राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जा सके।






















