कार्य में देरी पर अधिकारियों को लगाई फटकार
निर्माण एजेंसियों को कार्य शीघ्र पूरा करने के दिए निर्देश
श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं को हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा
मनिहारी/कटिहार – बुधवार को जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने मनिहारी गंगाघाट पहुंचकर यहां संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं के कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नमामि गंगे परियोजना के तहत निर्माणाधीन रिवर फ्रंट का जायजा लिया तथा गंगा के बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव के बीच बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा रिवर फ्रंट की सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ के बाद सुरक्षा के लिए अतिरिक्त कदम भी उठाए जाएंगे। इसके बाद डीएम ने कुटीघाट स्थित निर्माणाधीन विद्युत शवदाह गृह का निरीक्षण किया। कार्य पूरा होने में हो रही अनावश्यक देरी पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए बुडको के सहायक अभियंता विकास कुमार एवं परियोजना उपनिदेशक रत्नेश कुमार को कड़ी फटकार लगाई और निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान श्रावणी मेले की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने कहा कि श्रावणी मेले में गंगा स्नान एवं जलभराव के लिए मनिहारी गंगाघाट आने वाले श्रद्धालुओं को हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी त्रिलोकी नाथ सिंह को सुरक्षित स्नान,सुगम आवागमन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने श्रावणी मेले के दौरान गंगाघाट पर 24 घंटे गोताखोरों की तैनाती के निर्देश भी दिए। साथ ही अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन फिरोज अख्तर को मनिहारी में स्थायी रूप से एसडीआरएफ की एक टीम की प्रतिनियुक्ति के लिए आवश्यक पहल करने को कहा। जिला पदाधिकारी ने धुरीयाही पंचायत के कटावग्रस्त क्षेत्रों का भी दौडाकर मौके परजानकारी ली।निरीक्षण के दौरान स्थानीय प्रशासन के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।





















