बारिश में डायवर्सन क्षतिग्रस्त, हादसों का बढ़ा खतरा

SHARE:

टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड की चिल्हनियां पंचायत में मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ अनुरक्षण कार्यक्रम के तहत निर्मित एल-031-टी-02 से देवरी खास (बीआर-31) सड़क पर बना अस्थायी डायवर्सन लगातार बारिश के कारण क्षतिग्रस्त गया है। डायवर्सन ध्वस्त होने से इस महत्वपूर्ण सड़क पर आवागमन अत्यंत जोखिमपूर्ण हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

जानकारी के अनुसार, लगभग 3.45 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण 1 करोड़ 95 लाख 33 हजार रुपये की प्राक्कलित लागत से कराया गया था। निर्माण कार्य 18 अगस्त 2023 को शुरू हुआ और 17 मई 2024 को पूरा किया गया। इस योजना के संवेदक मोहम्मद सफीक आलम, धनपुरा (किशनगंज) हैं।यह सड़क देवरी खास को रहमतपुर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क से जोड़ती है और आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है।

सुहिया शिव मंदिर चौक के समीप पिछले वर्ष बनाया गया अस्थायी डायवर्सन लगातार बारिश की मार नहीं झेल सका और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद भी संबंधित विभाग द्वारा न तो मरम्मत कार्य शुरू किया गया और न ही कोई वैकल्पिक आवागमन व्यवस्था की गई।

ग्रामीणों के अनुसार, डायवर्सन टूटने के कारण दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों को जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है। विशेष रूप से रात के समय अंधेरे में स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है। स्थानीय लोगों का दावा है कि पिछले कई दिनों में दर्जनों बाइक सवार यहां फिसलकर घायल हो चुके हैं, लेकिन संबंधित विभाग के अधिकारी अब तक स्थल निरीक्षण के लिए भी नहीं पहुंचे हैं।


ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, बावजूद इसके प्रशासन और ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई। लोगों ने जिला प्रशासन से तत्काल स्थल का निरीक्षण कर डायवर्सन की मरम्मत, आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि इस महत्वपूर्ण मार्ग पर सुरक्षित और निर्बाध आवागमन बहाल हो सके तथा संभावित बड़े हादसों को रोका जा सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!