दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर ससुराल वालों ने महिला को किया प्रताड़ित, धोखे से गर्भपात भी कराया

SHARE:

सागर चंद्रा/ किशनगंज

दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर ससुराल वालों के द्वारा महिला को प्रताड़ित करने और धोखे से उसका गर्भपात करा देने का मामला सामने आया है। ससुराल वालों के प्रताड़ना का शिकार बनी पहाड़ कट्टा थाना क्षेत्र निवासी महिला मनकशी खातून ने ससुराल छोड़ कर मायके में शरण ले ली और घटना की शिकायत लेकर महिला थाने जा पहुंची। जहां पीड़िता के लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


जानकारी के अनुसार मनकसी खातून की शादी तीन वर्ष पूर्व बंगाल के चोपड़ा थाना क्षेत्र निवासी युवक के साथ हुई थी। प्रारंभिक दिनों में तो सबकुछ ठीक-ठाक रहा, लेकिन कुछ दिनों के बाद ही पति और ससुराल वाले 2 लाख रुपये, बाइक और सोने के आभूषण की मांग कर उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। लेकिन मायके वालों की आर्थिक स्थिति से भली-भांति परिचित मनकशी सारे दुख चुपचाप सहन करती रही। इस दौरान वह गर्भवती भी हो गई।

लेकिन ससुराल वालों ने धोखे से उसका गर्भपात करा दिया। जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही मायके वालों ने उसका इलाज कराया। लेकिन पति और ससुराल वालों ने उसकी सुधि नहीं ली। नतीजतन घटना के बाद से मनकशी ने अपने मायके में शरण ले ली है।

लेकिन इसके बावजूद पति उसे फोन कर लगातार तीन तलाक देने की धमकी दे रहा है। जिससे पीड़िता भयभीत हो गई और कानून के शरण में पहुंच गई।
महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि पीड़िता के लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!