डीएम के निर्देश पर सरकारी विद्यालयों का औचक निरीक्षण, टेढ़ागाछ की चार पंचायतों में अधिकारियों ने की जांच

SHARE:

विजय कुमार साह /टेढ़ागाछ

जिला पदाधिकारी सह समाहर्ता नवीन कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को किशनगंज जिले के सभी सरकारी विद्यालयों के मानक के अनुरूप संचालन की जांच के लिए विशेष औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इसी क्रम में टेढ़ागाछ प्रखंड की बैगना, डाकपोखर, चिल्हनियां एवं भोरहा पंचायत के विभिन्न सरकारी विद्यालयों का अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण किया।

जिला प्रशासन द्वारा प्रतिनियुक्त अधिकारियों ने विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, पठन-पाठन व्यवस्था, मध्याह्न भोजन, साफ-सफाई, आधारभूत सुविधाएं तथा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान आवश्यक अभिलेखों की भी जांच की गई तथा निर्धारित प्रपत्र में निरीक्षण प्रतिवेदन तैयार किया गया।


निरीक्षण दल में अंचलाधिकारी शशि कुमार, बीपीआरओ विवेक भारती, प्रखंड कृषि पदाधिकारी मो. आदिल अनवर, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विजय विश्वास, श्रम परिवर्तन पदाधिकारी अनिल कुमार शर्मा, सीडीपीओ निशा कुमारी, कार्यक्रम पदाधिकारी विपिन कुमार तथा राजस्व अधिकारी प्रिंस कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। सभी अधिकारियों ने अलग-अलग विद्यालयों में पहुंचकर औचक निरीक्षण किया।

जिला प्रशासन ने निर्देश दिया है कि सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी निरीक्षण प्रतिवेदन संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से उसी दिन जिला गोपनीय प्रशाखा, किशनगंज को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। इस अभियान का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन एवं सरकारी मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!