हर्ष झा ने दूसरे प्रयास में तथा अजीत कुमार ने प्रथम प्रयास में सफलता प्राप्त कर विद्यालय का बढ़ाया गौरव
कटिहार – जयमाला शिक्षा निकेतन कटिहार के लिए एक बार फिर गर्व का अवसर आया है। विद्यालय के मेधावी छात्र मास्टर हर्ष झा एवं मास्टर अजीत कुमार ने नीट – 2026 परीक्षा में सफलता प्राप्त कर विद्यालय अपने अभिभावकों एवं पूरे जिले का नाम रोशन किया है। हर्ष झा ने अपने दूसरे प्रयास में जबकि अजीत कुमार ने प्रथ
म प्रयास में ही नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। दोनों विद्यार्थियों ने अपनी शैक्षणिक यात्रा बचपन से ही एक साथ शुरू की। प्रारंभिक शिक्षा से लेकर मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट तक की संपूर्ण पढ़ाई जयमाला शिक्षा निकेतन कटिहार से एक ही बैच में की है।
दोनों ने विद्यालय के छात्रावास में रहकर शिक्षा ग्रहण की तथा वर्षों तक एक-दूसरे के साथी, सहपाठी और प्रेरणास्रोत बने रहे। आज दोनों ने एक साथ डॉक्टर बनने की दिशा में सफलता प्राप्त कर विद्यालय के गौरवशाली इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।
विद्यालय में अध्ययन के दौरान दोनों छात्र अत्यंत अनुशासित, संस्कारी, मेहनती एवं प्रतिभाशाली रहे। उन्होंने प्रत्येक कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और लगभग हमेशा अपनी कक्षा में प्रथम से दसवें स्थान टाप टेन के बीच स्थान प्राप्त किया। शिक्षकों के मार्गदर्शन, कठिन परिश्रम एवं निरंतर अभ्यास के बल पर दोनों विद्यार्थियों ने यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।इस गौरवपूर्ण अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ. एसके सुमन ने दोनों विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि जयमाला शिक्षा निकेतन पिछले दस वर्षों से लगातार नीट,आईआईटी एवं एनडीए जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का इतिहास रचता आ रहा है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल विद्यार्थियों की नहीं, बल्कि विद्यालय के समर्पित शिक्षकों, अभिभावकों के विश्वास तथा विद्यार्थियों की अथक मेहनत का संयुक्त परिणाम है।डॉ. सुमन ने कहा, “आज हमें गर्व है कि हमारे विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और संस्कार का जो वातावरण तैयार किया गया है, उसका परिणाम लगातार राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दे रहा है।
हमारे छात्र लगातार नीट ,आईआईटी एवं एनडीए जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर रहे हैं। यह उपलब्धि सभी शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। हमें विश्वास है कि हर्ष और अजीत चिकित्सा के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट कार्य कर समाज और राष्ट्र की सेवा करेंगे। मास्टर हर्ष झा के पिता नवीन कुमार झा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जयमाला शिक्षा निकेतन ने वर्षों से जो उत्कृष्ट परिणाम देने की परंपरा बनाई है, उनके पुत्र ने उसी गौरवशाली इतिहास को आगे बढ़ाया है। उन्होंने विशेष रूप से विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील कुमार सुमन एवं सभी शिक्षकों को हृदय से धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन, प्रेरणा और निरंतर सहयोग के कारण ही यह सफलता संभव हो सकी।
वहीं मास्टर अजीत कुमार के पिता गोपाल साह ने भावुक होकर कहा, “हम लोग अधिक पढ़े-लिखे नहीं हैं, लेकिन अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का पूरा श्रेय जयमाला शिक्षा निकेतन और विशेष रूप से सुमन सर को जाता है। मेरा बड़ा पुत्र विश्वजीत भी इसी विद्यालय से पढ़कर आईआईटी में सफल हुआ और आज मेरा छोटा पुत्र अजीत नीट में सफल हुआ है।
आज मेरे परिवार का एक पुत्र इंजीनियर है और दूसरा डॉक्टर बनने की दिशा में आगे बढ़ चुका है। इससे बड़ी खुशी हमारे परिवार के लिए और क्या हो सकती है।”विद्यालय परिवार ने दोनों सफल विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विश्वास व्यक्त किया कि वे चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर समाज एवं राष्ट्र की सेवा करेंगे। इस उपलब्धि से विद्यालय के छात्रों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं पूरे कटिहार जिले में हर्ष और उत्साह का वातावरण है।
जयमाला शिक्षा निकेतन ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, संस्कार, छात्रावास की बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था तथा अनुभवी शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन के बल पर ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त कर सकते हैं। विद्यालय का यह गौरवपूर्ण सफर आने वाले वर्षों में भी इसी प्रकार नई ऊँचाइयों को छूता रहेगा।























