मनिहारी प्रखंड पूर्वी भारत में प्रथम तो कुरसेला रहा राज्य में अव्वल
विकास सूचकांको में कुर्सेला एवं मनिहारी प्रखंड की उपलब्धि शानदार
कटिहार– समाहरणालय सभाकक्ष में नीति आयोग के आकांक्षी जिला एवं प्रखंड कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त सचिव सह कटिहार जिले के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी राहुल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी सहित सभी विभागों के जिलास्तरीय पदाधिकारी एवं नीति आयोग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने जिले के विभिन्न विकास सूचकाकों में हुए सुधारों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों के बल पर आकांक्षी जिला डेल्टा रैंकिंग मार्च 2026 में उत्कृष्ट सुधार बताया गया है।जिससे जिला का समग्र स्कोर बढ़कर 61.2 हो गया है।उन्होंने कहा कि इसी के साथ जिला देश में 40 वां स्थान पर आ गया है।बताया गया कि स्वास्थ्य एवं पोषण में अभूतपूर्व सुधार हुआ है।
प्रथम त्रैमासिक में गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण बढ़कर 99.18 प्रतिशत हो गया है, जो वर्ष 2018 में मात्र 66.92 फीसदी था। इसके अतिरिक्त, बाढ़ प्रभावित और दियारा क्षेत्रों में मानसून के दौरान नावों के सहारे टीकाकरण एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना एक अत्यंत सराहनीय और अभिनव पहल मानी जा रही है। वहीं गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों की दर घटकर अब मात्र 0.80 प्रतिशत रह गई है।
शिक्षा सूचकांक में भी जिला ग्राफ बढा है।प्राथमिक से उच्च प्राथमिक विद्यालय स्तर पर बच्चों की संक्रमण दर में सुधार हुआ है और यह बढ़कर 79.48 फीसद हो गया है। जबकि उच्च प्राथमिक से माध्यमिक स्तर पर यह 74.48 प्रतिशत तक पहुंच गया है। जिले के सभी 259 माध्यमिक और उच्च माध्यमिक सरकारी विद्यालयों में ‘स्मार्ट क्लास का सफल संचालन किया जा रहा है। बच्चों को आकर्षित करने के लिए स्कूलों में बाला पेंटिंग और ई-शिक्षकोश पोर्टल के माध्यम से नियमित छात्र ट्रैकिंग की जा रही है।
कृषि एवं जल संसाधन सूचकांक में बेहतर प्रदर्शन रहा है। कृषि विविधीकरण को बढ़ावा देते हुए ड्रैगन फ्रूट, स्ट्रॉबेरी और जैविक कॉरिडोर के तहत खीरे की खेती जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। ‘जल जीवन हरियाली’ अभियान के तहत मनरेगा के माध्यम से जिले में अब तक 1,230 जल निकायों का जीर्णोद्धार किया जा चुका है और 75 ‘अमृत सरोवरों’ का सुंदर निर्माण किया गया है। वित्तीय समावेशन एवं बुनियादी ढांचा में मुद्रा ऋण वितरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।
यह प्रति 1 लाख आबादी पर 162 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत प्रति लाख आबादी पर 60,585 खाते खोले जा चुके हैं। बुनियादी ढांचे के तहत जिले के 100 फीसदी ग्राम पंचायतों को इंटरनेट कनेक्टिविटी से जोड़ा जा चुका है।जबकि जल जीवन मिशन के तहत शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 3,891 आयरन रिमूवल प्लांट स्थापित किए गये हैं।
उन्होंने बताया है कि आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत ऐतिहासिक उपलब्धि रही है।मनिहारी प्रखंड पूर्वी भारत में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है।जबकि कुरसेला प्रखंड पूरे राज्य में अव्वल आया है।सम्पूर्णता अभियान के तहत निर्धारित सभी 6 प्रमुख संकेतकों में शत्-प्रतिशत संतृप्ति हासिल होने से प्रखंड को यह गौरव हासिल हुआ है। बैठक में नीति आयोग से स्वीकृत अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं के प्रगति की भी समीक्षा की गई।
जिसमें में मनिहारी प्रखंड में 77.94 लाख रुपये की लागत से खेल परिसर का विकास, मनिहारी अनुमंडल अस्पताल में 72.03 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक मॉड्यूलर ओटी की स्थापना, और जिले में ‘रोबोशाला व डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना शामिल हैं।प्रभारी अधिकारी राहुल सिंह ने अधिकारियों को शत-प्रतिशत संतृप्ति से दूर रहने वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर कार्य करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को मोबाइल और मोटर साइकिल एम्बुलेंस सेवा की नियमितता सुनिश्चित करने, शिक्षा विभाग को ड्रॉप-आउट दर शून्य करने तथा कृषि विभाग को ड्रोन तकनीक का अधिकतम उपयोग कर उत्पादकता बढ़ाने का निर्देश दिया।
उन्होंने जोर देकर कहा कि अधिकारियों की प्रतिबद्धता हीं जिला को देश के अग्रणी जिलों की श्रेणी में स्थापित कर सकेगी।बैठक में अपर समाहर्ता डा.बिनोद कुमार सहित कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य संबंधित विभागों के जिलास्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।























