बारसोई /कटिहार – बारसोई पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 लीटर विदेशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई इमादपुर के समीप देर रात की गई। जिससे क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इमादपुर के रास्ते विदेशी शराब की खेप ले जाई जा रही है।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर 20 लीटर विदेशी शराब बरामद की तथा शराब तस्कर अब्दुल करीम, पिता शहाबुद्दीन, निवासी कदवा, विद्यापुर, बलिया बेलोन को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।इसके अलावा शराब सेवन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक नशेड़ी को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान विनोद चौधरी, पिता स्वर्गीय बिरजू चौधरी, निवासी रंगामटिया, थाना बारसोई के रूप में हुई है। चिकित्सीय जांच में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद उसके विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने स्पष्ट कहा कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू किया जा रहा है और अवैध शराब कारोबार या सेवन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं शराब की खरीद-बिक्री या तस्करी की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।



























