संवाददाता/किशनगंज
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने किशनगंज में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कई समसामयिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को पुनः Z श्रेणी की सुरक्षा दिए जाने के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि गृह विभाग के अधीन सुरक्षा समिति समय-समय पर सभी वीआईपी की सुरक्षा की समीक्षा करती है।
समिति की अनुशंसा के आधार पर ही दोनों नेताओं को दोबारा Z श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है।
वहीं, राजद नेता तेजस्वी यादव द्वारा पुर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को केंद्र सरकार में उप प्रधानमंत्री बनाए जाने की मांग पर डॉ. जायसवाल ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “तेजस्वी यादव के पास अब कोई काम नहीं बचा है, इसलिए वे एनडीए में फूट डालने की कोशिश कर रहे हैं।”
जबकि जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला समेत कुछ नेताओं द्वारा पाकिस्तान के साथ वार्ता की मांग संबंधी पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. जायसवाल ने कहा कि देश देख रहा है कि धारा 370 का समर्थन करने वाले लोग आज पाकिस्तान से बातचीत की वकालत कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग भारत में रहकर देश विरोधी बातें कर रहे हैं।



























