गश्ती बढ़ाने व लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
बारसोई /कटिहार – बारसोई डीएसपी कार्यालय में अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीएसपी अजय कुमार ने की। इस दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराध नियंत्रण के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।
डीएसपी ने सभी थाना अध्यक्षों को नियमित दिवा गश्ती एवं रात्रि गश्ती को प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए तथा किसी भी घटना की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
साथ ही लंबित मामलों की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र निष्पादन करने और वारंटियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने पर भी बल दिया गया।बैठक में पुलिस पदाधिकारियों को जनसंपर्क बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा आम लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के लिए सक्रिय रहने की सलाह दी गई।
डीएसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में अंचल निरीक्षक शिव शंकर, बारसोई थानाध्यक्ष उमेश कुमार, सालमारी थानाध्यक्ष कुमारी जूली, सुधानी थानाध्यक्ष निशांत कुमार, कचना थानाध्यक्ष आनंद कुमार, आबादपुर थानाध्यक्ष मो. शादाब सहित विभिन्न थानों के थाना प्रभारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे ।



























