एक माह से आयुष चिकित्सक के अनुपस्थित रहने का आरोप विधायक ने अपर मुख्य सचिव से की कार्रवाई व व्यवस्था सुधार की मांग
मनिहारी /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के महुअर प्राथमिक उपस्वास्थ्य केन्द्र में चिकित्सक की लगातार अनुपस्थिति से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित होना पड़ रहा है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय विधायक मनोहर प्रसाद सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र भेजकर संबंधित आयुष चिकित्सक के विरुद्ध कार्रवाई तथा उपस्वास्थ्य केन्द्र की बदहाल व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की है।
विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। लेकिन कुछ कर्मियों की लापरवाही से सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महुअर प्राथमिक उपस्वास्थ्य केन्द्र में पदस्थापित आयुष चिकित्सक डॉ. प्रीति कुमारी अपने पदस्थापना के समय से ही नियमित रूप से ड्यूटी नहीं कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों की शिकायत मिलने पर जब वे 19.12.2025 को उपस्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे तो वहां मौजूद एएनएम गीता कुमारी ने बताया कि चिकित्सक लगभग एक माह 19.11.2025 से ही केन्द्र पर नहीं आई हैं। बाद में फतेहनगर पंचायत सरकार भवन के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान एसडीएम एवं बीडीओ के साथ किए गए निरीक्षण में भी चिकित्सक अनुपस्थित मिलीं।
ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि प्रतिदिन 100 से अधिक मरीज इलाज के लिए उपस्वास्थ्य केन्द्र पहुंचते हैं, लेकिन चिकित्सक की गैरहाजिरी के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है। विधायक ने कहा कि इस संबंध में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी से शिकायत करने पर उन्होंने भी संबंधित चिकित्सक की कार्यशैली पर असंतोष व्यक्त किया।
विधायक मनोहर प्रसाद सिंह ने स्वास्थ्य विभाग से मामले की जांच कर दोषी चिकित्सक के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा महुअर प्राथमिक उपस्वास्थ्य केन्द्र में नियमित चिकित्सा व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए।



























