जिले की प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा
कटिहार- बिहार राज्य गंगा समिति की सातवीं बैठक मुख्य सचिव बिहार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गयी। इस महत्वपूर्ण बैठक में राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। जिले की ओर से जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के नेतृत्व में नगर आयुक्त संतोष कुमार , उप विकास आयुक्त अमित कुमार , निदेशक डीआरडीए सुदामा प्रसाद सिंह , डीपीओ नमामि गंगे सहित जिला गंगा समिति से संबद्ध सभी विभागों के पदाधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया।
बैठक के दौरान नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित विभिन्न परियोजनाओं एवं जिला गंगा समिति की मासिक प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही गंगा संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित योजनाओं के समन्वय एवं क्रियान्वयन की स्थिति का भी गहन अवलोकन किया गया।समीक्षा के क्रम में कटिहार जिले की प्रमुख परियोजनाओं, विशेष रूप से मनिहारी गंगा घाट रिवर फ्रंट विकास परियोजना तथा कटिहार नगर क्षेत्र में इंटरसेप्शन एंड डाइवर्जन एवं सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट परियोजना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
संबंधित अधिकारियों को इन परियोजनाओं में आ रही बाधाओं को दूर करने एवं कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग,पटना,बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, वन एवं पर्यावरण विभाग, खान एवं भूतत्व विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
मुख्य सचिव, बिहार ने सभी संबंधित विभागों को परियोजनाओं की नियमित समीक्षा, गुणवत्ता मानकों का पालन करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों को पूर्ण कराने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें, ताकि नमामि गंगे अभियान के उद्देश्यों की प्रभावी प्राप्ति सुनिश्चित की जा सके और गंगा नदी की स्वच्छता एवं संरक्षण सुनिश्चित हो सके।




























