किशनगंज/सरफराज आलम
जिले के कोचाधामन प्रखंड अंतर्गत बिशनपुर पंचायत के बिशनपुर गांव में एक व्यक्ति की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने युवक का सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान रिजवान अहमद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बहादुरगंज थाना क्षेत्र के टंगटगी गांव का निवासी था। बताया जाता है कि वह पिछले करीब दस वर्षों से बिशनपुर हाईस्कूल चौक के समीप अपना घर बनाकर परिवार के साथ रह रहा था। वह करीब दो महीने पहले ही कुवैत से अपने घर लौटा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक विवाद के कारण हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।



























