संवाददाता/किशनगंज
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक तथा आम जनता से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों को लेकर जोरदार जन-आंदोलन एवं विरोध मार्च निकाला गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाहबुल अख्तर ने की।
इस अवसर पर सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद, विधायक कमरुल हुदा, बहादुरगंज विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी प्रो. मोसब्बीर आलम, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मो. आजाद साहिल, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष इमाम अली चिंटू तथा नगर अध्यक्ष सजल कुमार साह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के तहत जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव आश्रम से विशाल पैदल मार्च निकाला गया, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गांधी चौक पहुंचा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और महंगाई, बेरोजगारी तथा युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरा।
गांधी चौक पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा में हुई गड़बड़ियों और लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने देश के लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, बेरोजगारी चरम पर है और आम जनता आर्थिक परेशानियों से जूझ रही है। इसके बावजूद केंद्र सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय उनसे ध्यान भटकाने का काम कर रही है।
नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।
विरोध प्रदर्शन में सोशल मीडिया जिला अध्यक्ष मो. वसीम अख्तर, जिला उपाध्यक्ष अरुण कुमार साह, सांसद प्रतिनिधि एहसान हसन, विधायक प्रतिनिधि ईदु हसन, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव सह जिला प्रवक्ता शमशेर अहमद दारा, मोहम्मद कमरुल, मो. आबिद हुसैन, सलीम अख्तर, जयप्रकाश गिरी, पूर्व प्रमुख जाकिर आलम, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव असगर अली पीटर, ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव शंभू यादव, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष शाह आलम, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष अतुल कुमार गोस्वामी, युवा कांग्रेस नगर अध्यक्ष अमजद अली, कांग्रेस नेता संतोष चौधरी, कांग्रेस नेता मो. यूनुस, जिला उपाध्यक्ष तोसिफ, अल्पसंख्यक कार्यकारी जिला अध्यक्ष हाफिज मुबाशिर, मो. दानिश, शमशूल होदा, आदर्श कुमार, मो. रब्बानी, नगर सचिव शुभम कुमार, नगर महासचिव आकाश दास, तनवीर आलम, इस्तब अली, कांग्रेस नेता आसिफ लारी, जिला सचिव सुमेंद्र बहादुर, कांग्रेस नेता शोएब अख्तर, युवा कांग्रेस पोठिया प्रखंड अध्यक्ष मो. बदरूल, मो. अफाक, युवा कांग्रेस नेता अब्दुल खालिक, नाहिद अरशद, कांग्रेस नेता आबिद लारी, युवा नेता मो. सरफराज, कांग्रेस नेता मो. तस्लीम, मो. रहमत, रियाजुल आलम सहित सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार और परीक्षा प्रणाली में हो रही अनियमितताओं पर सरकार ने ठोस कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को सड़क से सदन तक उठाती रहेगी।



























