टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत डाकपोखर पंचायत के कलापहाड़ गांव वार्ड संख्या-05 में मुख्य सड़क पर जलजमाव की समस्या गंभीर रूप धारण करती जा रही है। लगातार जलभराव रहने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं गंदे पानी के जमा रहने से गांव में संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जलजमाव की समस्या वर्षों से बनी हुई है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी विकट हो जाती है। सड़क पर पानी जमा रहने के कारण पैदल चलना मुश्किल हो जाता है, जबकि स्कूली बच्चों, बुजुर्गों एवं महिलाओं को विशेष परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों को पूर्व में आवेदन देकर नाला निर्माण की मांग की गई थी, ताकि जल निकासी की समुचित व्यवस्था हो सके। बावजूद इसके अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। परिणामस्वरूप गांव की मुख्य सड़क पर जलजमाव की समस्या जस की तस बनी हुई है।ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा बना हुआ है। यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
इस संबंध में ग्रामीण वरुण दास, जगमोहन दास, रोहित कुमार दास, अभिषेक दास, मनोरंजन दास, मुकेश दास, रवि कुमार दास सहित अन्य लोगों ने शासन-प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए गांव में अविलंब नाला निर्माण कराने तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि जनहित से जुड़ी इस समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और संक्रमण के खतरे को रोका जा सके।

























