टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह
प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत धवेली पंचायत के पोखरिया गांव वार्ड संख्या-7 स्थित सरकारी विद्यालय के निकट स्थापित विद्युत ट्रांसफॉर्मर इन दिनों सुरक्षा मानकों की अनदेखी का उदाहरण बना हुआ है। ट्रांसफॉर्मर के चारों ओर घनी झाड़ियाँ एवं जंगली पौधे उग आने से वह पूरी तरह ढक गया है, जिससे न केवल उसकी पहचान कठिन हो गई है बल्कि उस पर लगे चेतावनी बोर्ड भी दिखाई नहीं दे रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय के समीप होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ, अभिभावक एवं ग्रामीण इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। ऐसे में ट्रांसफॉर्मर के आसपास फैली झाड़ियाँ किसी बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण दे रही हैं। विशेषकर बरसात के मौसम में करंट प्रवाहित होने, तार टूटने अथवा अन्य विद्युत हादसों की आशंका और अधिक बढ़ जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार संबंधित विभाग को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए ट्रांसफॉर्मर के आसपास तत्काल सफाई अभियान चलाया जाना चाहिए तथा आवश्यक घेराबंदी (फेंसिंग) की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही स्पष्ट रूप से दिखाई देने वाले चेतावनी बोर्ड लगाए जाने की मांग की गई है।
स्थानीय बिजली उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष करोड़ों रुपये विद्युत व्यवस्था के रखरखाव एवं मेंटेनेंस पर खर्च किए जाने का दावा किया जाता है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत नजर आती है।
ट्रांसफॉर्मर के ऊपर और आसपास उगी झाड़ियाँ विभागीय उदासीनता की पोल खोल रही हैं।ग्रामीणों ने जनहित एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए विद्युत विभाग से शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

























