टेढ़ागाछ में नशामुक्त भारत अभियान के तहत दिलाई गई शपथ

SHARE:

किशनगंज/विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय में बुधवार को नशामुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर के दौरान नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों, कर्मियों एवं विभिन्न योजनाओं के लाभुकों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने उपस्थित लोगों को शपथ दिलाते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। नशे की लत से आर्थिक, सामाजिक और मानसिक समस्याएं उत्पन्न होती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।कार्यक्रम में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार शर्मा ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है।

विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी जा रही है, ताकि वे एक स्वस्थ और सकारात्मक जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।प्रखंड कृषि पदाधिकारी मो. आदिल अनवर ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी से ही नशामुक्त भारत अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।


शपथ कार्यक्रम में बीपीएम राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित रहे। सभी ने नशे के सेवन से दूर रहने, दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त किशनगंज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया।


कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने नशामुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प दोहराया। पदाधिकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयास से ही स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध समाज का निर्माण संभव है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई