कटिहार – जिले में पत्रकारों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मेडी मंत्रा की ओर से विशेष नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शहर के पानी टंकी चौक स्थित मेडी मंत्रा परिसर में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में पत्रकारों और उनके परिजनों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया।
शिविर में डॉ. टॉम, डॉ. नवीन कुमार और डॉ. पूजा राय ने अपनी सेवाएं दीं। चिकित्सकों ने लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सुना और आवश्यक परामर्श प्रदान किया। इस दौरान ब्लड प्रेशर, शुगर समेत कई जरूरी स्वास्थ्य जांच नि:शुल्क की गईं। डॉक्टरों ने संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह भी दी। डॉ. नवीन कुमार ने बताया कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपने स्वास्थ्य पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पाते हैं।
खासकर पत्रकारों का कार्यक्षेत्र काफी व्यस्त और तनावपूर्ण होता है, ऐसे में नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर जांच कराने से कई गंभीर बीमारियों का शुरुआती चरण में ही पता लगाया जा सकता है और उनका बेहतर इलाज संभव हो पाता है।
शिविर में पहुंचे पत्रकारों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे उपयोगी और जनहितकारी प्रयास बताया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया और लोगों से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील की गई। शिविर का लाभ उठाने पहुंचे लोगों ने मेडी मंत्रा के इस प्रयास की प्रशंसा की और भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की मांग की।


























