सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर रेलवे अलर्ट,दो जोड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन,सुरक्षा के घेरे में रहा कटिहार जंक्शन

SHARE:

कटिहार – केंद्रीय चयन परिषद सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर रविवार को रेल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। हजारों अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे द्वारा दो जोड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया। जबकि कटिहार जंक्शन समेत रेल जिला के सभी प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व रूप से मजबूत किया गया।

पाटलिपुत्र स्टेशन पर हुई घटना के बाद कटिहार रेल जिला में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष सतर्कता बरत रही हैं। रेल एसपी हरिशंकर कुमार एवं आरपीएफ कमांडेंट संदीप कुमार पीएस के नेतृत्व में स्टेशन परिसर, प्लेटफार्मों, प्रवेश एवं निकास द्वारों तथा परीक्षा स्पेशल ट्रेनों में लगातार संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। इसके अलावा राजधानी एक्सप्रेस सहित सभी नियमित ट्रेनों में भी चेक किया गया और शांतिपूर्ण ट्रेन को कटिहार से रवाना किया गया।

पूरे दिन कटिहार स्टेशन पर प्रशासनिक अधिकारी स्वयं स्टेशन परिसर में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।इस दौरान जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने कटिहार जंक्शन पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के माध्यम से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पूर्णिया,अररिया एवं अन्य परीक्षा केंद्रों के लिए रवाना हुए।

हालांकि कुछ अभ्यर्थियों ने परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के विलंब से परिचालन को लेकर नाराजगी भी जताई।रेल एसपी हरिशंकर कुमार ने बताया कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आगमन को देखते हुए रेलवे एवं जिला प्रशासन ने विशेष सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था लागू की है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

वहीं आरपीएफ कमांडेंट संदीप कुमार पीएस ने कहा कि कटिहार सहित सभी प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर अभ्यर्थियों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित की गई है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरे कटिहार स्टेशन स्थित रेल परिसर सुरक्षा के जवानों से भरा था।

मौके पर रेल डीएसपी अरुण कुमार अकेला भी स्वयं माइक लेकर लोगो को समझाते नजर आए।रेलवे और जिला प्रशासन की संयुक्त सतर्कता के बीच कटिहार जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही तथा अभ्यर्थियों को सुरक्षित माहौल में अपने गंतव्य तक पहुंचाने की दिशा में प्रभावी प्रबंधन देखने को मिला। जिसमें जिला एवं रेल के अधिकारियों के साथ सदर एसडीओ सहित आरपीएफ ईस्ट पोस्ट कमांडर विक्रम कुमार, एसआई बबलू कुमार, रेल थानाध्यक्ष सुशील कुमार शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई